Home उत्तर प्रदेश CM योगी बोले- UP के विकास की ताकत बनी नारी शक्ति, महिला...

CM योगी बोले- UP के विकास की ताकत बनी नारी शक्ति, महिला श्रम भागीदारी 36% पार

0

 लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि के स्वरूप की आराधना की. इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,  'दुष्टों, असुरों और रक्तबीज जैसी तामसिक शक्तियों का संहार कर धर्म की स्थापना और भक्तों को अभय प्रदान करने वाली मां कालरात्रि का दिव्य स्वरूप हमें संदेश देता है कि अधर्म, अत्याचार और आतंक का अंत ही न्याय, शांति और निर्भय समाज की स्थापना का आधार है। 

2017 से पहले दंगाइयों और अपराधियों का था आतंक
 मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार को आईना दिखाते हुए बताया कि साल 2017 से पहले प्रदेश में रक्तबीज रूपी माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक से पैदा डर और अराजकता के अंधकार ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन की राह में गंभीर बाधाएं खड़ी कर दी थीं. वहीं 9.5 सालों में डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति ने इन असुरी शक्तियों का दमन कर प्रदेश में कानून का राज और भयमुक्त वातावरण की स्थापना की है। 

महिला सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध

सीएम योगी ने लिखा कि मिशन शक्ति, इंटीग्रेटेड 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों ने बहन-बेटियों के लिए घर की चौखट से लेकर सड़क, शिक्षण संस्थानों व कार्यस्थलों तक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है. पुलिस रिस्पॉन्स टाइम का साल 2016 के 65 मिनट से घटकर मात्र 5 मिनट रह जाना, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की तत्परता और महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। 

सुरक्षा के विश्वास से प्रेरित होकर नाइट शिफ्ट में भी काम कर रहीं महिलाएं
 मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुरक्षा के माहौल का जिक्र किया, कहा कि सुरक्षा के इसी विश्वास से प्रेरित होकर आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कार्य कर रही हैं. महिला श्रम बल भागीदारी का 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की नारी शक्ति, अर्थशक्ति बनकर उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति दे रही है। 

हर क्षेत्र में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी ने प्रदेश की विकास यात्रा को दी नई ऊर्जा
सीएम ने लिखा कि कृषि, उद्योग, सेवा और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा दी है. यही भागीदारी उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुई तीन गुना वृद्धि की यात्रा में भी अहम योगदान दे रही है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here